जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थिति ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया मासिक निरीक्षण
एटा । जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव हेतु की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रखी जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि वेयरहाउस के अंदर एवं बाहर समुचित प्रकाश व्यवस्था हर समय क्रियाशील रहे तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वेयरहाउस भवन के रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए और बरसात को दृष्टिगत रखते हुए किसी भी प्रकार की सीलन अथवा पानी के रिसाव की स्थिति न उत्पन्न होने पाए। सभी संबंधित अधिकारी नियमित रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए आवश्यकतानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के रख-रखाव, सुरक्षा एवं वेयरहाउस की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप हर समय सुनिश्चित रखी जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन कार्यालय के संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक आदि उपस्थित रहे।

