प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली के खिलाफ मत्स्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, दुकानदारों को चेतावनी जारी
मैनपुरी (अजय किशोर) जिलाधिकारी के निर्देश पर मत्स्य विभाग ने अवैध मत्स्य आखेट और प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली की बिक्री रोकने के लिए जनपद में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विकास भवन के आसपास स्थित मछली विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय किसी भी दुकान पर प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली की बिक्री होती नहीं पाई गई, हालांकि दुकानों में साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर विक्रेताओं को भविष्य में सुधार करने और थाई मांगुर न बेचने के संबंध में नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण द्वारा पर्यावरण एवं जैव विविधता के लिए घातक मानी जाने वाली थाई मांगुर मछली के पालन, परिवहन, क्रय और विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। सहायक निदेशक मत्स्य ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी भी मत्स्य पालक या विक्रेता के पास यह मछली पाई जाती है, तो उसे नष्ट करने का व्यय संबंधित व्यक्ति से भू-राजस्व की भांति वसूला जाएगा और सख्त कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
