फर्रुखाबाद न्यूज़:- हाई-वे पर मौत से मुकाबला; पेट्रोल पंप की ओर मुड़ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉला से भिड़ी बाइक, दो लोग गंभीर घायल |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
2 Min Read

मोहम्मदाबाद/फर्रुखाबाद।

इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गेसिंगपुर पेट्रोल पंप के पास डीजल भरवाने के लिए मुड़ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉला से तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दोनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉला अचानक पेट्रोल पंप की ओर मुड़ा, तभी पीछे से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर ट्रॉला में जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार गंभीर चोटों के साथ सड़क पर तड़पने लगे।

सूचना मिलते ही मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया।

घायलों में रघुनाथ (59 वर्ष) निवासी इमादपुर हीरामन, थाना मेरापुर के सिर में गंभीर चोट आई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं राजीव (58 वर्ष) निवासी हमीरपुर खेड़ा का उपचार लोहिया अस्पताल में चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार राजीव क्षेत्र में झोलाछाप चिकित्सक के रूप में कार्य करते हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर लापरवाही और असावधानी से वाहन मोड़ने के खतरों को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर पेट्रोल पंपों के सामने बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *