रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल ने पंडित दीनदयाल अस्पताल मे माताओं एवं नवजात शिशुओं को वितरित किया पोषण एवं सामग्री की किट
(संतोष कुमार सिंह )
वाराणसी :- रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल द्वारा रोटरी वर्ष 2026-27 के अंतर्गत पाण्डेयपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय पांडेयपुर में “मातृत्व पोषण तथा नवजात शिशु के लिए किट वितरण” कार्यक्रम का आयोजन किया गया | कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रसूता माताओं एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य,पोषण और बेहतर देखभाल को बढ़ावा देना तथा जरूरतमंद परिवारों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना था । कार्यक्रम में नवप्रसूता माताओं को मातृत्व पोषण सामग्री तथा नवजात शिशुओं के लिए उपयोगी बेबी केयर किट का वितरण किया गया | इस अवसर पर माताओं को प्रसव के बाद पौष्टिक आहार,शिशु की स्वच्छता,नवजात शिशु की उचित देखभाल एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप मे डाक्टर कौशल कुमार सिंह सीएमएस पंडित दीनदयाल हॉस्पिटल उपस्थित रहे उन्होंने रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य समाज के स्वस्थ और सशक्त भविष्य की आधारशिला है | ऐसे सेवा कार्य जरूरतमंद परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाने के साथ-साथ समाज में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं । रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल की अध्यक्ष रो.डाक्टर रितु गर्ग ने कहा कि “एक स्वस्थ मां ही स्वस्थ बच्चे और स्वस्थ समाज की नींव रखती है हमारा प्रयास है कि सेवा के माध्यम से जरूरतमंद माताओं और नवजात शिशुओं तक आवश्यक पोषण एवं देखभाल की सुविधाएं पहुंचाई जाएं । रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल आगे भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करता रहेगा । डाक्टर रितु गर्ग ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले मुख्य अतिथि,चिकित्सकों, अस्पताल प्रशासन,रोटरी क्लब के सदस्यों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया ।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर अलका गुप्ता,किरण मिश्रा एवं दीप्ति सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा | इस अवसर पर सी.पी.सिंह,सुनील मिश्रा,डाक्टर प्रेम प्रकाश,डाक्टर आरती दिव्य,डाक्टर अर्चना सिंह,डाक्टर सुप्रिया एवं डाक्टर दीपिका सहित सचिव रो. ललित गुप्ता,कोषाध्यक्ष रो.रवि सिंह,राम मोहन अग्रवाल तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम का समापन सेवा एवं मानवता के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ । कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन ज्ञानेंद्र उपाध्याय द्वारा किया गया।
