अवैध शराब की जांच करने गए दरोगा से भिड़े दबंग, महिला समेत 4 गिरफ्तार

2 Min Read

कायमगंज/

कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव प्रेमनगर में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। वीडियो में गांव के भीतर अवैध शराब की धड़ल्ले से बिक्री दिखाई गई थी। इस सूचना का संज्ञान लेते हुए मंडी चौकी प्रभारी बलवीर सिंह पुलिस टीम के साथ जांच करने पहुंचे थे। लेकिन वहां जो हुआ, उसकी उम्मीद किसी को नहीं थी।

वर्दी का खौफ खत्म! पुलिस टीम के साथ की अभद्रता और हाथापाई

जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, आरोपी विजय राजपूत, उसकी पत्नी मीना, अजय, बेटियां अंजू व सौम्या और पड़ोसी सनी ने हंगामा शुरू कर दिया। दबंगों ने न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि पुलिस टीम के साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई भी की। मौके पर स्थिति इतनी बिगड़ गई कि अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाना पड़ा। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस को देख लेने की धमकी भी दी।

खुद को बताया BJP नेता का करीबी, मुख्य आरोपी फरार

स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य आरोपी विजय राजपूत इलाके में खुद को भाजपा के एक कद्दावर नेता का करीबी बताकर रौब झाड़ता है और अवैध शराब का कारोबार करता है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी का बेटा अजय पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा।

पुलिस की सख्त कार्रवाई: दर्ज हुई FIR, तलाश जारी

प्रभारी निरीक्षक एम.एम. चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में सभी दोषियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। चार आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है, वहीं फरार आरोपी अजय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *