फर्रुखाबाद |
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में होली के पावन पर्व के अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद को दुर्घटनाओं से बचाने के दृष्टिगत एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत तथा एआरएम रोडवेज राजेश कुमार द्वारा बसों की सघन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान रोडवेज के रंग में एक बस दिल्ली से सवारी लाते हुए मिली जिसमें 75 सवारी यात्रा कर रही थी। इसके अतिरिक्त एक अन्य बस जो कि दिल्ली से सवारी ला रही थी उसका बीमा समाप्त था तथा उसका 6 माह का टैक्स भी बकाया था। एक अन्य बस परमिट प्रस्तुत न करने के कारण पकड़ी गई । तीनों बसों को सीज कर रोडवेज बस अड्डा में खड़ा कराया गया तथा उन पर ₹70000 जुर्माना लगाया गया।
रोडवेज बसों की ड्रिंक एंड ड्राइव की चेकिंग
होली के पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत एआरटीओ द्वारा रोडवेज बसों एवं अन्य बसों के चालकों की ड्रिंक एंड ड्राइव की चेकिंग की गई , 42 बसों की चेकिंग में कोई भी चालक मद्यपान कर वाहन चलाता हुआ नहीं पाया गया।
एक ऑटो मद्यपान कर सवारी ढोता हुआ पकड़ा
एक ऑटो को जब चेकिंग के दौरान पांचालघाट पुल पर रोका गया तो उसने वाहन नहीं रोका तथा उसमें तेज आवाज़ में होली के गाने बजाए जा रहे थे। जब उसको गाड़ी से दौड़ाकर पकड़ा गया तो पाया कि उसने मद्यपान किया हुआ था एवं उसके पास चालक लाइसेंस भी नहीं था । ऑटो में राजेपुर तथा अमृतपुर की सवारियाँ ले जाई जा रही थीं। उस ऑटो को पकड़कर उस पर ₹13000 का जुर्माना लगाते हुए कादरी गेट थाना के अंतर्गत आईटीआई चौकी में सीज कर दिया गया ।
एक मोटरसाइकिल पर 3 सवारी रॉन्ग साइड ले जाते हुए पाए जाने पर जब उसके ड्राइवर को चेक किया गया तो उसने काफी अधिक मात्रा में शराब पी रखी थी, जो उसके ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट से स्पष्ट हुआ। चालान के बाद उसको बिना शराब पिए उसके परिचितों के सुपुर्द किया गया।
मद्यपान कर वाहन न चलाएं-जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने सभी से अपील है कि मद्यपान कर वाहन न चलाएं तथा अपने साथ-साथ दूसरे का जीवन भी संकट में न डालें। ऐसा किए जाने पर परिवहन तथा पुलिस विभाग द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
