राजेपुर/फतेहगढ़/फर्रुखाबाद |
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना राजेपुर पुलिस टीम ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एंड्राइड मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किया है। उसके विभिन्न खातों से कुल 10,87,488 रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है।
इस तरह खुला ठगी का मामला
अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर रेंज के कुशल पर्यवेक्षण में राजेपुर पुलिस को ‘प्रतिबिंब पोर्टल’ (Pratibimb Portal) के माध्यम से साइबर ठगी से संबंधित एक शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ था। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध अभियुक्त करण सिंह को हिरासत में लिया।
थाना राजेपुर लाकर जब साइबर हेल्प डेस्क द्वारा गहनता से जांच की गई, तो पता चला कि आरोपी करण सिंह के कुल 5 अलग-अलग बैंक खातों में 6 विभिन्न साइबर शिकायतों के जरिए कुल 10,87,488 रुपये की धोखाधड़ी की धनराशि मंगवाई गई थी।
पूछताछ में सामने आया ठगी का तरीका
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त करण सिंह ने खुलासा किया कि वह अपने बैंक खाते किराए पर उपलब्ध करवाता था। ठग गिरोह के सदस्य ‘Justdial’ या अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर सीमेंट, गेहूं, चीनी, काजू-बादाम, और कोल्ड ड्रिंक जैसी रोजमर्रा की वस्तुएं बहुत ही सस्ते दामों पर बेचने का फर्जी विज्ञापन (Ad) डालते थे और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करते थे। जो लोग भी इनके झांसे में आ जाते थे, उनसे ये लोग पैसे आरोपी के बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे और बाद में उन पैसों की ठगी कर लेते थे।
दर्ज मुकदमा और कानूनी कार्रवाई
अभियुक्त करण सिंह पुत्र श्याम सिंह, निवासी: हरिहरपुर, थाना राजेपुर को हिरासत में लेकर थाना राजेपुर में मुकदमा संख्या 216/26, धारा 318(4) बीएनएस (BNS) एवं 66डी आईटी (IT) एक्ट के तहत पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
इस सफल खुलासे और गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम में निम्नलिखित अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे:
- थानाध्यक्ष अजब सिंह
- उपकनिरीक्षक (ASI) सत्येंद्र कुमार
- हेड कांस्टेबल विश्वनाथ सिंह
- कांस्टेबल विराज
- कांस्टेबल सौरभ सिंह आदि।
