जंगली सुअर से बाइक टकराने से दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
संवाददाता योगेन्द्र प्रताप सिंह
जलेसर। एटा। उत्तर प्रदेश। जनपद एटा के जलेसर तहसील क्षेत्र के जलेसर-अवागढ़ मार्ग पर नगला भूड़ के समीप सोमवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। झाड़ियों से अचानक निकले जंगली सुअर से बाइक टकरा गई, जिससे बाइक सवार दो लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार पुत्र रामबाबू एवं संदीप कुमार निवासी मीसा कलाँ, थाना अवागढ़, किसी आवश्यक कार्य से मोटरसाइकिल द्वारा अपने गांव से जलेसर जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब 11 बजे जैसे ही वे जलेसर-अवागढ़ मार्ग पर नगला भूड़ के पास पहुंचे, तभी अचानक झाड़ियों से निकलकर एक जंगली सुअर सड़क पर आ गया।
बाइक सवार संभल पाते, इससे पहले ही मोटरसाइकिल जंगली सुअर से टकरा गई। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों द्वारा एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अवागढ़ भेज दिया गया।
