कई सालों से जलभराव से जूझ रहा गांव, प्रशासन हरकत में — नायब तहसीलदार ने किया निरीक्षण |

2 Min Read

अमृतपुर।

अमृतपुर तहसील क्षेत्र के एक गांव में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है। रविवार को तहसील प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह ने मौके पर पहुंचकर समस्या का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव की एक गली में पिछले करीब छह वर्षों से गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। जलभराव की यह समस्या करीब 30 से 40 परिवारों को सीधे तौर पर प्रभावित कर रही है, जबकि लगभग 100 मीटर रास्ता पूरी तरह जलमग्न है।

निकास को लेकर विवाद बना बड़ी बाधा

अधिकारियों के अनुसार, पानी निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन निकास को लेकर गांव में विवाद उत्पन्न हो जाता है, जिससे कार्य शुरू नहीं हो पाता। इसी कारण अब तक समाधान नहीं निकल सका।

नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह ने बताया कि मौके पर निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया गया है। पानी निकासी का किसी तालाब से कोई कनेक्शन नहीं होने के कारण समस्या उत्पन्न हुई है और आसपास भूमि स्वामित्व (भूमिधर) से जुड़े विवाद भी सामने आए हैं।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के साथ बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है और इस संबंध में एक विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है, ताकि जल्द ही स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *