भागवत कथा की कलश यात्रा के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 12वीं के छात्र की मौत ।

2 Min Read

फर्रुखाबाद/

जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के सिरौली गांव में शनिवार को एक बेहद दुखद घटना घटी। यहाँ नए मकान और मंदिर के निर्माण की खुशी में आयोजित की जा रही श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ पर निकाली जा रही कलश यात्रा मातम में बदल गई। यात्रा के दौरान ध्वज लेकर चल रहा 16 वर्षीय किशोर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कैसे हुआ हादसा?

सिरौली निवासी सुबोध के घर में नए मकान और मंदिर के निर्माण के उपलक्ष्य में भागवत कथा का आयोजन किया गया था। शनिवार को कथा से पूर्व गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली जा रही थी। सुबोध का भतीजा अखिलेश प्रजापति (16), जो कक्षा 12 का छात्र था, यात्रा में सबसे आगे हरे बांस में लगा ध्वज (पताका) लेकर चल रहा था।

जैसे ही यात्रा मंदिर के पास पहुँची, बांस का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। बांस के गीला (हरा) होने के कारण करंट तेजी से नीचे तक उतर आया और अखिलेश उसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम हादसे के बाद गांव में भगदड़ मच गई। परिजन आनन-फानन में अखिलेश को निजी नर्सिंग होम ले गए, जहाँ से उसे लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।

होनहार छात्र था अखिलेश

परिजनों ने बताया कि अखिलेश पढ़ाई में बहुत होनहार था और इन दिनों उसकी कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएँ चल रही थीं। उसके पिता मुकेश प्रजापत और माता नारायण देवी जिले से बाहर रहकर बर्फ का काम करते हैं, जबकि अखिलेश यहाँ अपने चाचा के पास रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह अपने दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *