कायमगंज/फर्रुखाबाद |
मनरेगा तकनीकी सहायक एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश (जनपद- फर्रूखाबाद) ने अपनी जायज मांगों को लेकर शासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस संबंध में विकास खंड कायमगंज के तकनीकी सहायकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपा है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 26 सितंबर 2026 तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं किया गया, तो प्रदेश भर के समस्त तकनीकी सहायक 28 सितंबर 2026 से लखनऊ के ईको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगे।
5 वर्षों से नहीं बढ़ा मानदेय, पेट्रोल में खर्च हो रहे 6000 रुपये
ज्ञापन में तकनीकी सहायकों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि पिछले 5 वर्षों से निरंतर बढ़ती महंगाई के बावजूद उनके मानदेय में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें एस्टिमेट बनाने के साथ-साथ रोजाना ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों का धरातल पर निरीक्षण और पर्यवेक्षण करना पड़ता है। इस फील्ड वर्क के कारण उनका औसतन 6,000 रुपये प्रति माह केवल पेट्रोल में खर्च हो जाता है।
शोषित और उपेक्षित महसूस कर रहे कर्मचारी
कर्मचारियों का तर्क है कि मनरेगा योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में लाखों-करोड़ों रुपये के विकास कार्य, अकुशल श्रमिकों को रोजगार और परिसंपत्तियों का सृजन कराने में उनकी अहम भूमिका रहती है। इसके बावजूद शासन और ग्राम विकास विभाग द्वारा उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे वे खुद को शोषित और उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
मुख्य मांगें:
- मानदेय में वृद्धि: जूनियर इंजीनियर के न्यूनतम वेतनमान के बराबर यानी ₹45,000/- प्रति माह का मानदेय दिया जाए।
- यात्रा भत्ता: प्रतिमाह के मानदेय के अतिरिक्त अलग से यात्रा भत्ता (Travel Allowance) प्रदान किया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में विकास खंड कायमगंज के तकनीकी सहायक दीपक सिंह, शिवरतन सिंह, राकेश कुमार पाल और दिनेश कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

