जुआ के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज, दो थाना क्षेत्रों से 11 अभियुक्त गिरफ्तार
एटा। जनपद में अवैध जुआ व सट्टे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी सफलता मिली है। थाना राजा का रामपुर और थाना अलीगंज पुलिस ने संयुक्त रूप से कुल 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर नगदी व ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारियों के निकट पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना राजा का रामपुर पुलिस ने 4 अभियुक्तों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 1240 रुपये व ताश के पत्ते बरामद किए। इस संबंध में थाना राजा का रामपुर पर मु0अ0स0 11/2026 धारा 13 जी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं दूसरी ओर थाना अलीगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 7 अभियुक्तों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से 10,070 रुपये नकद तथा 52 ताश के पत्ते बरामद किए। इस मामले में थाना अलीगंज पर मु0अ0स0 27/2026 धारा 13 जी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 11,310 रुपये नगद एवं ताश के पत्ते बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
