कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी की मौत
एटा। एटा जिला कारागार में सजा काट रहे 50 वर्षीय कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जितेंद्र उर्फ भूरा के रूप में हुई है, जो आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।
बताया जा रहा है कि शनिवार को अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। जेल प्रशासन ने तत्काल उसे उपचार के लिए एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक कोतवाली देहात क्षेत्र के बिजोरी गांव का निवासी बताया जा रहा है। सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंच गए।
जेल प्रशासन का कहना है कि कैदी की तबीयत अचानक बिगड़ी थी, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मृतक के बेटे संदीप और भाई धर्मेंद्र ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
