Hardoi News: जिलाधिकारी अनुनय झा ने आज अपने गोद लिए गए विकास खंड टड़ियावां के प्राथमिक विद्यालय कन्थाथोक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कक्षा में पहुंचे और शिक्षक की भूमिका निभाते हुए बच्चों से गणित के प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षिक समझ एवं सीखने के स्तर का मूल्यांकन किया। साथ ही विद्यालय में दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता तथा मध्यान्ह भोजन की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया कि विद्यालय परिसर में मिट्टी का भराव कराकर भूमि को समतल कराया जाए। विद्यालय के मुख्य गेट से भीतर तथा आंगनबाड़ी केंद्र तक इंटरलॉकिंग टाइल्स लगवाई जाएं। उन्होंने बाउंड्रीवाल की फिनिशिंग कराने के साथ-साथ बालक, बालिका एवं दिव्यांग शौचालयों तथा हैंडवॉश से जुड़े टूटे नालों की मरम्मत कर टाइल्स लगवाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त विद्यालय का मुख्य द्वार भव्य स्वरूप में बनवाने तथा गेट एवं बाउंड्रीवाल पर आकर्षक रंगों से पेंटिंग कराने को कहा।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में प्रधानाध्यापक, शिक्षकों एवं शिक्षा मित्रों के साथ बैठक कर शैक्षिक गुणवत्ता पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कक्षा 1, 2 व 3 तथा कक्षा 4 व 5 के अध्ययन में कमजोर बच्चों की पहचान कर उनके अलग-अलग समूह बनाए जाएं और उन्हें विशेष रूप से पढ़ाया जाए। उन्होंने गणित एवं हिन्दी विषयों में बच्चों को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए विद्यालय में झूले लगाए जाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में विद्युत कनेक्शन एवं पंखा न होने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी अमित कुमार झा को निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी केंद्र में शीघ्र विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराते हुए पंखा लगवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में बच्चों के लिए तैयार किए गए मध्यान्ह भोजन को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता का परीक्षण किया तथा भोजन तैयार करने वाली रसोइयों की सराहना की।
इस अवसर पर प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
