लूडो खेल के विवाद में देवर ने की भाभी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

3 Min Read

लूडो खेल के विवाद में देवर ने की भाभी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

मैनपुरी (अजय किशोर)। जनपद मैनपुरी के थाना कुर्रा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अनूपपुर डिल्हा में बीते दिनों हुई एक महिला की संदिग्ध मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस द्वारा किए गए खुलासे में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि महज लूडो के खेल में हुए विवाद और हार-जीत की रंजिश के चलते एक देवर ने अपनी ही भाभी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्या के वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश किया है।

घटना का विवरण देते हुए क्षेत्राधिकारी करहल ने बताया कि 10 मार्च को ग्राम डिल्हा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और 112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाया जाना (स्ट्रैंगुलेशन) स्पष्ट हुआ, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मृतका का पति अहमदाबाद में रहकर नौकरी करता है, जिसने गांव आने के बाद अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी थी।

विवेचना और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने जब मामले की तहकीकात की, तो परिवार के ही चचेरे देवर ऋषभ पुत्र स्व. सामन्त सिंह का नाम सामने आया। पूछताछ और जांच में पता चला कि घटना वाले दिन आरोपी ऋषभ अपनी भाभी के साथ लूडो खेल रहा था। खेल के दौरान दोनों के बीच हार-जीत को लेकर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और भाभी ने उसे चिकोटी काट ली। जवाब में जब ऋषभ ने भी उन्हें चिकोटी काटी, तो भाभी ने उसकी मां से शिकायत करने और छेड़खानी का आरोप लगाने की धमकी दी। इसी धमकी से आक्रोशित होकर आरोपी ने आपा खो दिया और आवेश में आकर अपनी भाभी का गला दबा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था।

थाना कुर्रा पुलिस की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए सोमवार, 23 मार्च को मुखबिर की सूचना पर सहन तिराहे के पास से आरोपी ऋषभ को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्त के पास से घटना से संबंधित साक्ष्य संकलित किए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक विक्रांत कुमार के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने आरोपी को धारा 103(1) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने इलाके में सनसनी फैलाने वाली इस मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश कर दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की विधिक औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी है।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *