दंपति मर्डर कांड में डीआईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, हर एंगल से जांच के दिए निर्देश।

3 Min Read

कायमगंज।

नगर के मोहल्ला गंगा दरवाजा कूंचा में हुए दंपति हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी हरीश चन्द्र ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जांच की प्रगति पर जानकारी ली और घटना के प्रत्येक पहलू की गहन पड़ताल के निर्देश दिए।डीआईजी सबसे पहले मृतक दंपति पुरुषोत्तम कौशल और उनकी पत्नी पुष्पा की पुत्री गुनगुन से मिले तथा घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने घर के आंगन व कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां महिला का शव आंगन में तथा पुरुषोत्तम का शव कमरे में बेड पर बिजली के तार से कसा हुआ मिला था। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उन्हें घटना के समय की हालातों से अवगत कराया।

डीआईजी ने घर के कोनों, प्रवेश मार्ग और संभावित साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए स्वयं क्लू तलाशने का प्रयास किया। इसके बाद वह जीने के रास्ते छत पर पहुंचे और आसपास के मकानों की छतों का मिलान करते हुए भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया, ताकि हत्यारों के आने-जाने के संभावित रास्तों का पता लगाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने गली में लगे सीसीटीवी कैमरों के संबंध में जानकारी ली, जिस पर बताया गया कि अन्दर गली में कोई कैमरा नहीं है। डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट व स्थानीय इनपुट के आधार पर जल्द घटना के खुलासे के निर्देश दिए। गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर अज्ञात लुटेरों ने लूटपाट के इरादे से घर में घुसकर वृद्ध दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी थी। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब दूध देने पहुंचे दूधिया ने दरवाजा खुला देख अंदर झांका। घर में सामान बिखरा मिला तथा मृतका की पुत्री ने जेवर व मकान के कागजात गायब होने की बात बताई है। घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड पहले ही मौके से साक्ष्य जुटा चुके हैं और पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच में जुटी है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *