होली में जबरन रंग न डाला जाए, पीस कमेटी की बैठक हुई आयोजित

2 Min Read

फर्रुखाबाद: होली और रमजान के पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस अधिकारियों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों व संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया।

कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी ने सुझाव दिया कि जहां होली स्थल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, वहां कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान किसी भी व्यक्ति पर जबरन रंग न डाला जाए तथा लोग घर के अंदर ही सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाएं। शराब पीकर अनावश्यक घूमने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

व्यापारी नेता अनुपम रस्तोगी ने पुलिस प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि नशे में उपद्रव करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने होली की रात होने वाले जुए पर रोक लगाने की मांग की और कहा कि जुआ ही विवादों की जड़ है। साथ ही डीजे पर नियंत्रण और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की भी आवश्यकता जताई।

सूफी संत पप्पन मियां ने हिंदू-मुस्लिम एकता की सराहना करते हुए त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला ने कहा कि पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से ही शांति व्यवस्था कायम रह सकती है।

सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने व्यापारियों को सड़क पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी और कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर चालान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रात 10 बजे के बाद बिना अनुमति डीजे बजाने पर रोक रहेगी।

बैठक में सभासद श्याम सुंदर उर्फ लल्ला वर्मा, अतुल शंकर दुबे, असलम अंसारी, संजय गर्ग, आकिल खान, राकेश सक्सेना, मनोज मिश्रा, डॉ. महेंद्र श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि त्योहार आपसी सद्भाव, शांति और कानून व्यवस्था का पालन करते हुए मनाएं, जिससे जनपद में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *