बवाना में कारोबारी वैभव गांधी की हत्या की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने ली

2 Min Read

New Delhi: दिल्ली के बवाना इलाके में कारोबारी वैभव गांधी की सनसनीखेज हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। सोमवार को हुई इस वारदात की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए ली है। पोस्ट में गैंग ने दावा किया है कि यह हत्या किसी लूटपाट के इरादे से नहीं, बल्कि रंगदारी से जुड़े एक मामले में कारोबारी के हस्तक्षेप के कारण की गई।

जानकारी के अनुसार, बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि वैभव गांधी ने रंगदारी मांगने के दौरान बीच में आने की कोशिश की थी, जिसके चलते उन्हें निशाना बनाया गया। पोस्ट में गैंग ने यह भी चेतावनी दी है कि भविष्य में जो भी इस तरह के मामलों में हस्तक्षेप करेगा, उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस पोस्ट के सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

गौरतलब है कि सोमवार दोपहर करीब 12:51 बजे पुलिस को बवाना के पूठ खुर्द इलाके में गोलीबारी की सूचना मिली थी। वैभव गांधी (35) अपनी फैक्टरी नंबर 133, सेक्टर-4, डीएसआईआईडीसी बवाना से बाहर निकल ही रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उनके सिर और तीन गोलियां पैरों में लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

दिल्ली पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की सत्यता की पड़ताल की जा रही है और हमलावरों की पहचान के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *