फर्रुखाबाद।
बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में पुलिस लाइन, फतेहगढ़ में 39वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने किया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा, शारीरिक दक्षता एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता तथा आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से प्रतिभाग करना चाहिए। खेल हमें निरंतर प्रयास करने, चुनौतियों का सामना करने तथा हार-जीत को समान भाव से स्वीकार करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतिभाग करने तथा भविष्य में जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा जिलाधिकारी के समक्ष आकर्षक एवं अनुशासित पीटी प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं अनुशासन की उपस्थित अतिथियों द्वारा सराहना की गई।प्रतियोगिता के अंतर्गत 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर एवं 600 मीटर दौड़ सहित रिले रेस, चक्का फेंक, गोला फेंक तथा लंबी कूद जैसी विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रत्येक स्पर्धा में विद्यार्थियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, गति, कौशल एवं उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा प्रतिभागियों ने खेल भावना के साथ एक-दूसरे को प्रोत्साहित किया।समापन अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी मोहम्मदाबाद कृपाशंकर सिंह द्वारा विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करना स्वयं में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रत्येक विद्यार्थी को निरंतर अभ्यास, परिश्रम एवं अनुशासन के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारना चाहिए।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अवनीश चौहान, अध्यक्ष जूनियर शिक्षक संघ अवनीश मिश्रा, देवेश यादव एवं वीरेंद्र त्रिवेदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, शिक्षकगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सहयोग, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों की शैक्षिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
