फर्रुखाबाद।
01 जनवरी 2027 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में सम्मिलित होने से वंचित न रहे। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा, महिला मतदाता तथा ऐसे पात्र नागरिक जिनका नाम अभी तक किसी भी विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है, उनका नाम नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल कराया जाए।जिलाधिकारी ने समस्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देशित किया कि वे पूरी जागरूकता एवं सक्रियता के साथ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर आमजन से फॉर्म-6 प्राप्त करें तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि 17 नवम्बर से पुनरीक्षण अभियान प्रारंभ हो चुका है। सभी बीएलओ अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पर्याप्त समय दें तथा क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएं। विशेष रूप से महिलाओं एवं नवयुवक-नवयुवतियों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाए।उन्होंने बताया कि मतदाता बनने के लिए ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। पात्र नागरिक स्वयं भी ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या आने पर उसका तत्काल निराकरण कराया जाए। बीएलओ के बैठने के स्थानों पर मच्छरों से बचाव के लिए मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने के भी निर्देश दिए, ताकि अभियान के दौरान कार्मिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सुपरवाइजर, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) को भी अभियान की निरंतर निगरानी करते हुए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले ऐसे नवीन मतदाताओं को मतदाता सूची में सम्मिलित करने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण कराया जाना है, जो भारत के किसी भी विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक नामावली में पहले से पंजीकृत नहीं हैं। ऐसे चिह्नित पात्र नागरिकों से भौतिक रूप से भरे हुए फॉर्म-6 के साथ नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, वर्तमान एवं सक्रिय मोबाइल नंबर, पूर्ण पता तथा अन्य आवश्यक अभिलेख प्राप्त किए जाएंगे। बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा यह कार्यवाही 17 नवम्बर 2026 से 16 दिसम्बर 2026 तक की जाएगी।उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष अभियान दिवसों के रूप में 28 नवम्बर 2026 (शनिवार) एवं 29 नवम्बर 2026 (रविवार) निर्धारित किए गए हैं। इन दोनों विशेष अभियान दिवसों में प्रत्येक पदाभिहित स्थल अर्थात मतदान केंद्र पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहेंगे तथा नागरिकों से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। इन अवसरों पर 17 नवम्बर 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची तथा पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे, जिससे नागरिक अपनी आवश्यकतानुसार आवेदन कर सकें।जिलाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि उनके द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी विशेष अभियान दिवसों पर अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर बीएलओ को सहयोग प्रदान करें। सभी राजनैतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंटों की सूची जिला निर्वाचन कार्यालय एवं संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, जिससे अभियान को समन्वित एवं प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।उन्होंने निर्देश दिए कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार शहरी निकायों की मतदाता सूची तथा पंचायत मतदाता सूची से फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का मिलान कराया जाए, ताकि इन सूचियों में दर्ज होने के बावजूद विधानसभा निर्वाचक नामावली में छूटे हुए पात्र मतदाताओं का चिह्नांकन कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके। शहरी क्षेत्रों में सभासदों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों का भी यथासंभव सहयोग प्राप्त किया जाए।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों के पंजीकृत लाभार्थियों में से 18 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे पात्र व्यक्तियों को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। इनमें विशेष रूप से महिला एवं युवा लाभार्थियों पर ध्यान देते हुए फॉर्म-6 के माध्यम से उनका पंजीकरण कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम में संचालित महिला स्वयं सहायता समूहों एवं समूह सखियों का सहयोग लेकर ऐसी पात्र महिलाओं की पहचान की जाए, जिनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होने से छूट गया है। ऐसी महिलाओं से फॉर्म-6 भरवाकर उनका पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत कार्यरत आशा एवं एएनएम के माध्यम से भी क्षेत्र की समस्त पात्र महिलाओं का चिह्नांकन कराया जाए। चिह्नित महिलाओं से फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में उनका शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने की कार्यवाही की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न विभागों के मैदानी कर्मचारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयास से इस अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।बैठक में राजनैतिक दलों द्वारा बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति एवं सूची उपलब्ध कराने की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान अवगत कराया गया कि समाजवादी पार्टी द्वारा कायमगंज, भोजपुर एवं अमृतपुर विधानसभा क्षेत्रों के बूथ लेवल एजेंटों की सूची उपलब्ध करा दी गई है, जबकि 24 नवम्बर 2026 तक अन्य किसी राजनैतिक दल द्वारा अपने बीएलए की सूची उपलब्ध नहीं कराई गई है। जिलाधिकारी ने शेष राजनैतिक दलों से भी शीघ्र सूची उपलब्ध कराने की अपेक्षा की, ताकि विशेष अभियान दिवसों पर बीएलए की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो सके।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता से संचालित करें। अभियान के दौरान प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे।
