त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं: लुधियाना से बेटी को घर ला रहे पिता का टूटा सपना, रास्ते में हुई मौत |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

भाई दूज पर पिता के घर पहुंचने से पहले ही थम गई पूजा की सांसें! लुधियाना से बेटी को लेकर लौट रहे पिता के अरमानों पर फिरा पानी, ससुराल पक्ष पर इलाज में लापरवाही का आरोप

कायमगंज/फर्रुखाबाद।

भाई दूज के त्योहार पर बेटी को अपने घर लाकर उसके साथ खुशियां बांटने का एक पिता का सपना उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब बीमार बेटी ने घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पिता ने ससुराल पक्ष पर बेटी का समुचित इलाज न कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर छितमा का है। यहां के निवासी कुंवरसेन जाटव की बेटी पूजा की मंगलवार सुबह रास्ते में मौत हो गई। बताया गया कि पूजा पिछले काफी समय से बीमार चल रही थी। पिता कुंवरसेन उसे पंजाब के लुधियाना से अपने साथ घर वापस लेकर आ रहे थे। उनकी इच्छा थी कि इस बार बेटी उनके साथ घर पर भाई दूज का त्योहार मनाएगी, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी जिंदगी का सफर खत्म हो गया।

चार साल पहले हुई थी शादी, डेढ़ साल से बीमार थी पूजा

मृतका के पिता कुंवरसेन ने बताया कि उनकी बेटी पूजा की शादी करीब चार वर्ष पहले कंपिल के आंबेडकर नगर में हुई थी। पिता के अनुसार, शादी के बाद पूजा पिछले लगभग डेढ़ साल से गंभीर बीमारी से जूझ रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी बीमारी को गंभीरता से नहीं लिया और समय रहते समुचित इलाज नहीं कराया।

पिता का कहना है कि करीब दो महीने पहले उनका दामाद पूजा को पंजाब के लुधियाना छोड़ आया था। इसके बाद जब बेटी की तबीयत को लेकर जानकारी मिली तो वह उसे वापस अपने घर लाने के लिए लुधियाना पहुंचे। वह बेटी को लेकर घर के लिए रवाना हुए थे, लेकिन रास्ते में ही अनहोनी हो गई।

कासगंज के आसपास रास्ते में थम गईं सांसें

बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब छह बजे कासगंज के आसपास सफर के दौरान पूजा की अचानक मौत हो गई। बेटी की मौत के बाद पिता बदहवास हालत में उसका शव लेकर अपने पैतृक गांव सिकंदरपुर छितमा पहुंचे। घर पर शव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।

घटना की सूचना मिलते ही कंपिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक उमेश कुमार महिला पुलिसकर्मियों के साथ गांव पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

इस संबंध में थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पिता द्वारा ससुराल पक्ष पर लगाए गए इलाज में लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जा रही है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पूजा की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *