रिपोर्ट सुधीर सिंह ।
कायमगंज/फर्रुखाबाद।
नगर के कम्पिल रोड स्थित किरन पब्लिक स्कूल में दीपावली एवं धनतेरस के पावन पर्व के उपलक्ष्य में भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. वीरेंद्र गंगवार, प्रबंध निदेशिका मैनेजर कल्पना गंगवार एवं प्रधानाचार्या राधिका नायर ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया। दीप प्रज्वलन के उपरांत पूरा विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी रोशनी और पारंपरिक सजावट से जगमगा उठा तथा चारों ओर उत्सव का उल्लास देखने को मिला। समारोह के दौरान छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहवर्धक डांडिया और प्रभु श्रीराम को समर्पित भावपूर्ण भक्ति नृत्य प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिरस और उमंग से सराबोर कर दिया।

उत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं में बच्चों और शिक्षकों ने अपनी अनूठी प्रतिभा का लोहा मनवाया। छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित दीया मेकिंग, थाल सजाओ एवं बंधनवार (तोरण) बनाओ प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अत्यंत मनमोहक व आकर्षक कलाकृतियों का प्रदर्शन कर सबका दिल जीत लिया। सीनियर वर्ग की कक्षावार रंगोली प्रतियोगिता में उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन करते हुए कक्षा सात और कक्षा नौ के विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कक्षा आठ द्वितीय एवं कक्षा दस तृतीय स्थान पर रही। वहीं जूनियर वर्ग की रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा चार ने प्रथम, कक्षा पांच ने द्वितीय और कक्षा तीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्रों ने थाल एवं दीपक सजाओ प्रतियोगिता में शानदार सजावट का परिचय दिया। केजी विंग के नन्हे-मुन्ने नौनिहालों के लिए आयोजित ‘दीए में रंग भरो’ प्रतियोगिता में नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी के बच्चों ने चटख रंगों से आकर्षक दिए सजाकर खूब वाहवाही बटोरी। विद्यार्थियों के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षकों के मध्य भी एक बेहद रोचक रंगोली प्रतियोगिता आयोजित कराई गई, जिसमें शिक्षकों ने अपनी उत्कृष्ट कलात्मकता का परिचय दिया।

इस पावन अवसर पर विद्यालय प्रबंधन तंत्र एवं वरिष्ठ शिक्षकों ने विद्यार्थियों व अभिभावकों को प्रेरित करते हुए अपने विचार साझा किए। प्रबंधक डॉ. वीरेंद्र गंगवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अज्ञान के अंधकार को मिटाकर ज्ञान व सद्विचारों का प्रकाश फैलाने की प्रेरणा देता है। विद्यालय की मैनेजर श्रीमती कल्पना गंगवार ने कहा कि यह पर्व प्रेम, भाईचारे और परस्पर सहयोग का संदेश देता है, इसलिए सभी को खुशियां बांटने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहकर सुरक्षित व हरित दीपावली मनानी चाहिए। प्रधानाचार्या राधिका नायर ने त्योहारों को भारतीय संस्कृति व मर्यादा का संवाहक बताते हुए दीपावली के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं उप प्रधानाचार्या श्रीमती अंजू बाथम ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीराम के आदर्शों व मर्यादाओं पर चलने का आह्वान किया।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संपूर्ण संयोजन व सफल संचालन शैक्षणिक गतिविधि प्रभारी विक्रान्त सिंह तथा सह-प्रभारी अंजना जयन के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। विद्यालय व मंच की मनोहारी साज-सज्जा का दायित्व कला एवं रचनात्मक टीम की प्रभारी आरजू गंगवार, आकांक्षा सैनी एवं शिवानी राठौर ने संभाला, जिनकी कल्पनाशीलता ने समूचे परिसर में वास्तविक दीपोत्सव की रौनक ला दी। कार्यक्रम के डिजिटल कवरेज एवं वीडियो निर्माण का जिम्मा सोशल मीडिया प्रभारी हिरा अंसारी और शिक्षक अतुल प्रताप सिंह ने बखूबी निभाया, वहीं पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में अनुशासन की कमान क्रीड़ा प्रभारी अल्पना यादव ने शानदार तरीके से संभाली।
उत्सव की गरिमा बढ़ाने एवं व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने में विद्यालय कोऑर्डिनेटर जयन राजन के कुशल मार्गदर्शन सहित शिक्षिका प्रगति सक्सेना, मंजू यादव, आशिका, पूनम, पूजा अग्निहोत्री, खुशी, पूजा सिंह तथा शिक्षक नीरज अग्निहोत्री, निखिल शाक्य, हरिद्वार द्विवेदी, अजमत अली एवं शाहरुख खान ने अपनी कर्मठ व महती भूमिका निभाई। इसके साथ ही लिपिक उमाकांत वर्मा एवं तकनीकी प्रबंधन में कंप्यूटर संचालक रवि कुमार सहित समस्त किरण परिवार का समर्पण अत्यंत सराहनीय रहा। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिसर में सुरक्षित आतिशबाजी व पटाखों के साथ पूर्णतः इको-फ्रेंडली अंदाज में धनतेरस का पावन पर्व उल्लासपूर्वक मनाया गया। अंत में विद्यालय की मैनेजर श्रीमती कल्पना गंगवार ने दीपावली के उपलक्ष्य में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों को आकर्षक उपहार व पुरस्कार भेंट कर सम्मानित किया और मिष्ठान वितरित कर सभी को खुशी-खुशी विदा किया। इसके पश्चात प्रबंधन तंत्र ने आयोजन की ऐतिहासिक सफलता पर समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी |
