उत्तर प्रदेश में महर्षि वाल्मीकि जयंती पर 26 अक्टूबर 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित
मैनपुरी 25 अक्टूबर (अजय किशोर) उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य में आगामी 26 अक्टूबर 2026 (सोमवार) को महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। पहले इस तिथि को केवल निर्बन्धन अवकाश की सूची में रखा गया था, जिसे शासन स्तर पर सम्यक विचारोपरांत अब पूर्ण सार्वजनिक अवकाश के रूप में परिवर्तित कर दिया गया है। यह अवकाश नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट 1881 के अधीन नहीं होगा।
इस संशोधन के संबंध में प्रमुख सचिव एस.वी.एस. रंगाराव द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है, जिसके तहत 17 नवंबर 2025 की पूर्व विज्ञप्ति को इस सीमा तक संशोधित माना जाएगा जबकि शेष अंश यथावत रहेंगे। इस महत्वपूर्ण निर्णय की प्रतिलिपि शासन के समस्त अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, पुलिस महानिदेशक, उच्च न्यायालय के निबंधक और अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ प्रेषित कर दी गई है।
