फर्रुखाबाद |
क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए, कड़का बांध बदायूं संपर्क मार्ग से सुरेंद्र फौजी के घर तक विधायक निधि से नवनिर्मित सीसी रोड और नाली का लोकार्पण किया गया।
अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशील शाक्य और ब्लॉक प्रमुख डॉ. पल्लव सिंह सोमवंशी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस विकास कार्य का लोकार्पण किया और मार्ग को क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।
स्थानीय लोगों को मिली बड़ी राहत
इस सीसी रोड के बन जाने से अब ग्रामीणों को आवागम में भारी सुविधा मिलेगी। वहीं, साथ में बनाई गई पक्की नाली से बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी और पानी की निकासी बेहतर होगी। लंबे समय से सड़क और जल निकासी की समस्याओं से जूझ रहे स्थानीय लोगों ने इस विकास कार्य पर खुशी जताई है।
विकास कार्यों को प्राथमिकता
लोकार्पण समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के अपने संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।
