शीतला देवी और गुरुगांव मंदिर पहुंचे डीएम-एसपी, सुरक्षा और दर्शन व्यवस्थाओं का लिया जायजा |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद।

शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा के दर्शन के लिए उमड़ रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिरों में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। देर रात जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शहर के प्रमुख देवी मंदिरों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत परखी। रात करीब 10:30 बजे दोनों अधिकारी बढ़पुर स्थित शीतला देवी मंदिर और गुरुगांव देवी मंदिर पहुंचे। अचानक अधिकारियों के मंदिर पहुंचने से संबंधित विभागों में सक्रियता बढ़ गई। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया गया।

अष्टमी पर उमड़ने वाली भीड़ को लेकर प्रशासन अलर्ट

नवरात्रि की अष्टमी पर देवी मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि मंदिरों में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। दर्शन व्यवस्था सुचारु रहे और भीड़ के कारण अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम समय रहते सुनिश्चित किए जाएं।

डीएम ने विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मंदिर प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।

पुलिस को सख्त हिदायत, अराजक तत्वों पर रहेगी नजर

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मंदिरों में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों और मंदिर परिसरों में विशेष निगरानी रखी जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अराजक तत्वों की हरकत पर तत्काल कार्रवाई की जाए, जिससे श्रद्धालु निर्भय होकर मां के दर्शन कर सकें।

एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रखने पर जोर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के बाद माता रानी के दरबार में टेका माथा

मंदिरों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने माता रानी के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा आरती उतारकर आशीर्वाद लिया। अधिकारियों की मौजूदगी में मंदिरों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *