मैनपुरी में कच्ची दीवार ढहने से दर्दनाक हादसा: सो रहा 16 वर्षीय किशोर मलबे में दबा, हालत गंभीर
मैनपुरी (अजय किशोर) बेवर थाना क्षेत्र के गंगारवाला गांव से एक दुखद दुर्घटना की खबर सामने आई है। तड़के करीब 5:30 बजे जब 16 वर्षीय मोहित (पुत्र सुनील कुमार) अपने घर में सो रहा था, तभी अचानक एक कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। अचानक हुए इस हादसे में किशोर मलबे के नीचे दब गया। घटना की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबे को हटाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
घायल अवस्था में मोहित को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार हेतु जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस हादसे के बाद से गांव व आसपास के क्षेत्र में तनाव और चिंता का माहौल बना हुआ है तथा ग्रामीण उसके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। स्थानीय पुलिस ने भी मौके का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
