सपा कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन: ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, सपा कार्यकर्ताओं ने फूंके तीन पुतले |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
2 Min Read

फर्रुखाबाद।

Ad image

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भोलेपुर क्रॉसिंग स्थित रेलवे पुल से जेएनवी रोड पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

मार्च में बड़ी संख्या में सपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में विभिन्न नारों वाली तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई। आंबेडकर प्रतिमा के पास पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार की तस्वीर लगे तीन पुतलों का प्रतीकात्मक दहन किया। इसके बाद कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए और पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन को आगे भी जारी रखने की बात कही। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल विरोध प्रदर्शन के माध्यम से मांग रखी गई है और यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ने इस्तीफा नहीं दिया तो पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।

पैदल मार्च को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। शुरुआत से ही पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। बाद में फतेहगढ़ कोतवाली की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और प्रदर्शन के दौरान स्थिति पर नजर रखी।

प्रदर्शन में पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, पूर्व विधायक अजीत कठेरिया, वरिष्ठ नेता सरल दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुकी, पूर्व मंत्री सर्वेश अंबेडकर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राशिद जमाल सिद्दीकी और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मदाबाद हरीश कुमार समेत बड़ी संख्या में सपा नेता, कार्यकर्ता और युवा संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *