फर्रुखाबाद/
आवास विकास मोहल्ले में शाम करीब छह बजे पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता कुलदीप गंगवार के होटल के पास कथित फायरिंग की सूचना से हड़कंप मच गया। एक युवक का किसी व्यक्ति से विवाद चल रहा था। आरोप है कि युवक होटल के बाहर गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान पूर्व विधायक के बेटे ने उसे रोकने का प्रयास किया, जिसको लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी हो गई।
पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार के अनुसार, विवाद बढ़ने पर युवक ने पहले हवा में फायर किया। इसके बाद सार्वजनिक स्थान पर दो और गोलियां चलाने का दावा किया गया। लगातार तीन राउंड फायरिंग की बात सामने आने से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि घटना के बाद युवक अपनी पिस्टल मौके पर छोड़कर वहां से भाग निकला। आरोप है कि बाद में उसके परिजन मौके पर पहुंचे और पिस्टल अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही कादरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
CCTV में कैद हुई कहासुनी
थानाध्यक्ष कपिल चौधरी के मुताबिक, पुलिस को प्रारंभिक सूचना मारपीट और विवाद की मिली थी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होती दिखाई दे रही है। हालांकि, अभी तक सीसीटीवी या अन्य साक्ष्यों के आधार पर फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। फायरिंग के दावे की पुष्टि के लिए घटनास्थल और आसपास के साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

