कमालगंज/फर्रुखाबाद।
कमालगंज क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक गौमाता की ट्रेन की चपेट में आने से हुई दर्दनाक मौत ने एक बार फिर बेसहारा गोवंश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही अखिल भारतीय गौ रक्षा महासंघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए तथा संबंधित अधिकारियों से इस प्रकार की घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 8 बजे किसी ट्रेन की चपेट में आने से एक गौमाता की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि किस ट्रेन से हादसा हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी दुख और आक्रोश का माहौल देखने को मिला।

मौके पर पहुंचे अखिल भारतीय गौ रक्षा महासंघ के प्रदेश महामंत्री अब्दुल जब्बार, जिला अध्यक्ष अधिकारी महाराज, ब्लॉक अध्यक्ष शिवम ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष शिवशंकर, जिला उपाध्यक्ष संदीप कुमार, रंजन श्रीवास्तव, दिव्यांशु गुप्ता, दिव्यांशु कुशवाहा, अमन संखवार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने गौमाता के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रशासन से मांग की कि रेलवे ट्रैक के आसपास घूम रहे निराश्रित गोवंश की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटना की सूचना पर कमालगंज थाना से सिपाही तेजवीर सिंह और सिपाही हिमांशु भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई में सहयोग किया।
गौ रक्षा महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि रेलवे ट्रैक के आसपास निराश्रित गोवंश की निगरानी और सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई तो ऐसे हादसे लगातार होते रहेंगे। उन्होंने जिला प्रशासन, नगर निकाय और रेलवे प्रशासन से संयुक्त अभियान चलाकर ट्रैक के आसपास घूम रहे गोवंश को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने तथा जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा तत्काल संज्ञान लेकर स्थायी समाधान करने की मांग की।
