कांवड़ यात्रा, रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस व बारह वफात को लेकर पीस कमेटी की बैठक
एटा । आगामी कांवड़ यात्रा, रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस एवं बारह वफात के मद्देनज़र शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल एवं अपर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह ने की।
बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, पीस कमेटी के सदस्यों तथा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे, गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। इन्हें शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
बैठक में कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी और पुलिस की नियमित गश्त सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचें। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, पुलिस अधिकारी, धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक एवं पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।
