फर्रुखाबाद |
जिले के थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव नगला गुलाल (पोस्ट बरौन) में बिजली संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा. पिछले छह दिनों से ट्रांसफार्मर फुंका होने और बिजली विभाग के लापरवाह रवैये से नाराज ग्रामीणों ने व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव के नेतृत्व में सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया।

अधिकारियों की उदासीनता से भड़के ग्रामीण
ग्रामीणों का आरोप था कि गांव का ट्रांसफार्मर पिछले 6 दिनों से खराब पड़ा था, जिसकी सूचना कई बार संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दी जा चुकी थी। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जब विभाग ने कोई सुध नहीं ली और गांव अंधेरे में डूबा रहा, तब ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। इसके बाद सभी ने एकजुट होकर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, अधिकारियों से हुई वार्ता
मार्ग जाम होने की सूचना मिलते ही मऊदरवाजा थाना इंस्पेक्टर पुलिस बल और दो चौकी इंचार्ज के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद मौके से ही बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से फोन पर वार्ता की और जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगवाने की बात पक्की की। प्रशासन के आश्वासन और नया ट्रांसफार्मर मौके पर पहुंचने के बाद जाम खुला और यातायात सुचारू रूप से शुरू हुआ।
इस विरोध प्रदर्शन और हंगामे के दौरान व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव के साथ-साथ अभिषेक सिंह, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, रामु ठाकुर, राजेश सिंह, सुसपाल सिंह, श्रीनिवास, नन्ने, लल्ला, अजय प्रताप, संजीव सिंह, अनुज प्रताप सिंह, विनय प्रताप सिंह, सचिन यादव, लालू यादव, अनुराग यादव, सोमनाथ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
