छठ पूजा पर्व: डीएम ने पांचाल घाट का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्था के दिए कड़े निर्देश |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

फर्रुखाबाद।

जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर द्वारा जनपद में छठ पूजा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ पांचाल घाट का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाट पर छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि छठ पूजा के अवसर पर पांचाल घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं व्रतियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए घाट पर पर्याप्त एवं मजबूत बैरीकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही पूजा-अर्चना कर सकें। घाट पर सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूर्ण कर लिए जाएं तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अप्रिय घटना की संभावना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे सुबह एवं शाम के समय पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त संख्या में शौचालय तथा महिलाओं की सुविधा एवं निजता को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित चेंजिंग रूम की व्यवस्था कराई जाए। घाट एवं उसके आसपास साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था रखी जाए तथा नियमित रूप से सफाई कराते हुए कूड़ा निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए घाट पर प्रशिक्षित गोताखोरों की पर्याप्त संख्या में तैनाती करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी में स्नान एवं पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती के साथ ही घाट के संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को लेकर निर्देशित किया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाए रखने के लिए यातायात की प्रभावी योजना तैयार की जाए। वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित कर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे घाट के आसपास जाम की स्थिति उत्पन्न न हो तथा एम्बुलेंस एवं आपातकालीन सेवाओं के वाहनों का आवागमन निर्बाध बना रहे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने दायित्वों का समय से निर्वहन करें तथा निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं छठ पूजा से पूर्व पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं स्वच्छता के संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, खण्ड विकास अधिकारी बढ़पुर योगेश पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र, परियोजना निदेशक राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण विश्वास मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *