कायमगंज/फर्रुखाबाद
कायमगंज क्षेत्र के ग्राम नरसिंहपुर में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण एक किसान की मेहनत पर पानी फिर गया। जर्जर और खुले बिजली के तारों के तेज हवा के चलते आपस में टकराने से निकली चिंगारी ने गेहूं के खेत में भीषण आग लगा दी, जिससे लगभग सवा बीघा फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। नरसिंहपुर निवासी पूर्व सैनिक अविनाश चंद्र गंगवार पुत्र स्वर्गीय सहदेव सिंह के खेत के ऊपर से बिजली विभाग की लाइन गुजर रही है। शनिवार को तेज हवा के कारण खुले तार आपस में टकरा गए। तारों के टकराने से निकली चिंगारी सीधे खेत में खड़ी गेहूं की सूखी फसल पर जा गिरी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। अविनाश चंद्र गंगवार ने बताया कि आग लगने के कारण उनकी करीब सवा बीघा गेहूं की तैयार फसल जल गई है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित ने इस संबंध में थाना प्रभारी कायमगंज को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्रीय किसानों में इस घटना को लेकर बिजली विभाग के प्रति गहरा रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि ढीले और खुले तारों की शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन विभाग की अनदेखी का खामियाजा गरीब किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
