महिला दरोगा समेत ड्राइवर लाइन हाजिर, रिश्वत लेते वीडियो वायरल

3 Min Read

कायमगंज/फर्रूखाबाद

कोतवाली क्षेत्र में किशोरी को भगाने के मामले में पीड़ित परिवार से सात हजार रुपये रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हो गया। पीड़ित ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्य आरोपी को थाने से छोड़ने के लिए 3.50 लाख रुपये लिए गए। इसमें अलीगंज के एक छुटभैय्ए नेता की भूमिका बताई जा रही है। यह मामला सामने आने के बाद एसपी आरती सिंह ने मामले की जांच कराने के बाद कोतवाली कायमगंज में तैनात ड्राइवर दिनेश त्रिपाठी और महिला दरोगा सुधा पाल को लाइन हाजिर कर दिया है।

क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय किशोरी को 10 मार्च को गांव का ही युवक अपने साथियों के साथ भगा ले गया था। इस मामले में किशोरी के चाचा ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार पुलिस ने किशोरी को तलाश कर उसका बाह्य मेडिकल परीक्षण कराया और न्यायालय में बयान दर्ज कराए। पुलिस ने मुख्य आरोपी को भी पकड़ लिया था। इसी बीच पीड़ित पक्ष ने विवेचक पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाया। सख्त कार्रवाई के नाम पर 25 हजार रुपये की मांग की गई। ड्राइवर के माध्यम से सात हजार रुपये में तय हो गए। ड्राइवर दिनेश त्रिपाठी के साथ लेनदेन का वीडियो बना लिया गया।

वायरल वीडियो में महिला दरोगा सुधा पाल का भी जिक्र है। हालांकि उन्होंने सीधे रुपये लेने से इन्कार किया, लेकिन बाद में ड्राइवर द्वारा अलग बुलाकर रुपये लेने का दृश्य वीडियो में कैद है। दरोगा सुधा पाल मुस्कराती हुई नजर आ रहीं हैं। पीड़ित पक्ष के युवक ने तीन अलग-अलग वीडियो बनाकर पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड किया है। इसमें ड्राइवर पीड़ित पक्ष को हर तरह से संतुष्ट करते दिखाई दे रहे हैं। साथ ही ड्राइवर यह भी कह रहा है कि आरोपी रुपये लिए गए हैं। पर उसके सामने नहीं लिए गए हैं। हालांकि हम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते है। पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि आरोपी खुलेआम धमकी दे रहे हैं और उन्हें न्याय का भरोसा नहीं है। सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर दरोगा सुधा पाल व ड्राइवर दिनेश त्रिपाठी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। अन्य आरोपों की जांच कराई जा रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *