गैस सिलेंडर पर महंगाई का तगड़ा वार: घरेलू LPG ₹60 महंगा, कमर्शियल ₹114.50 बढ़ा

3 Min Read

गैस सिलेंडर पर महंगाई का तगड़ा वार: घरेलू LPG ₹60 महंगा, कमर्शियल ₹114.50 बढ़ा

करीब 11 महीने बाद बढ़ीं कीमतें, होटल-रेस्टोरेंट और आम रसोई का बजट बिगड़ा

देश की आम जनता को शनिवार सुबह एक और महंगाई का बड़ा झटका लगा। घरेलू रसोई गैस और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें शनिवार सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं, जिससे मध्यम वर्गीय परिवारों के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।

घरेलू सिलेंडर ₹60 महंगा

घरेलू उपयोग में आने वाला 14.2 किलोग्राम का एलपीजी सिलेंडर अब ₹60 महंगा हो गया है। पहले इसकी कीमत ₹890.50 थी, जो अब बढ़कर ₹950.50 हो गई है। करीब 11 महीने बाद घरेलू सिलेंडर की कीमतों में बदलाव किया गया है, जिससे सीधे तौर पर घरों के रसोई बजट पर असर पड़ेगा।

कमर्शियल सिलेंडर में ₹114.50 की बढ़ोतरी

व्यावसायिक इस्तेमाल वाले 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी बड़ी बढ़ोतरी की गई है। इसकी कीमत ₹1891.00 से बढ़ाकर ₹2005.50 कर दी गई है। यानी एक सिलेंडर पर ₹114.50 की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी का असर होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों पर पड़ेगा, जिससे बाहर खाना-पीना महंगा हो सकता है।

ईरान-इजराइल तनाव का असर

बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, खासकर ईरान और इजराइल के बीच जारी संघर्ष के कारण खाड़ी देशों से तेल और गैस की सप्लाई पर दबाव बढ़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर भारत में भी देखने को मिल रहा है।

सरकार ने दिया भरोसा

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पहले कहा था कि देश में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर कोई संकट नहीं है। भारत के पास कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार है और सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

सूत्रों के मुताबिक भारत ने पिछले कुछ वर्षों में कच्चे तेल के आयात के स्रोतों को विविध बनाया है, जिससे खाड़ी क्षेत्र पर निर्भरता कम हुई है। जरूरत पड़ने पर सरकार अन्य देशों से भी आपूर्ति बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है।

आम आदमी पर दोहरा असर

गैस सिलेंडर की कीमतों में इस बढ़ोतरी से जहां घरों का रसोई बजट बिगड़ेगा, वहीं कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से होटल और रेस्टोरेंट का खर्च बढ़ेगा। ऐसे में आने वाले दिनों में बाहर खाने-पीने की कीमतों में भी इजाफा देखने को मिल सकता है।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *