नवरात्रि के पहले ही दिन देवी मंदिरों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब।

3 Min Read

फर्रुखाबाद/

आज से शक्ति की उपासना का महापर्व ‘चैत्र नवरात्रि’ हर्षोल्लास के साथ शुरू हो गया है। गुरुवार तड़के से ही जनपद के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। शहर के प्रसिद्ध गुड़गांव देवी मंदिर के कपाट सुबह 6 बजे भक्तों के लिए खोल दिए गए, जहाँ सुबह 9 बजे तक ही लगभग एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिरों में विशेष सजावट और ‘छप्पन भोग’ की तैयारी

नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है। गुड़गांव देवी मंदिर के पुजारी अंकित ने बताया कि भक्तों का आना सुबह 5 बजे से ही शुरू हो गया था। मंदिर प्रशासन द्वारा बुधवार रात भर तैयारियों का दौर चला और पूरे परिसर को देशी-विदेशी फूलों से महकाया गया है। पुजारी के अनुसार, आज माता रानी को विशेष ‘छप्पन भोग’ लगाया जाएगा। साथ ही, अष्टमी और नवमी के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं, जिसमें गर्भगृह का विशेष श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहेगा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और सुचारु दर्शन भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समितियों ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं।

पुलिस बल की तैनाती: परिसर में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ-साथ सादी वर्दी में भी बल तैनात किया गया है।

CCTV निगरानी: पूरे मंदिर परिसर की निगरानी तीसरी आँख (सीसीटीवी कैमरों) से की जा रही है।

प्रकाश व्यवस्था: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर की ओर जाने वाली सड़कों पर दूधिया रोशनी का इंतजाम किया गया है।

दर्शन करने आई श्रद्धालु दीक्षा ने बताया कि “भीड़ अधिक होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था इतनी पुख्ता है कि लाइन में लगकर बड़ी आसानी से दर्शन हो रहे हैं, किसी प्रकार की असुविधा नहीं है।”

बढ़पुर और पल्ला देवी मंदिर में भी मची धूम शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों जैसे बढ़पुर देवी मंदिर और पल्ला देवी मंदिर में भी सुबह से ही लंबी कतारें देखी गईं। बढ़पुर मंदिर को भी विशेष लाइटिंग और फूलों से सजाया गया है। मंदिरों के बाहर लगी दुकानों पर श्रद्धालु माता की चुनरी, नारियल और पूजन सामग्री खरीदते नजर आए।

मेले और झूलों का आकर्षण

गुड़गांव देवी मंदिर के प्रांगण में इस बार मेले का भी भव्य आयोजन किया गया है। बड़ी संख्या में दूर-दराज से आए दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजा ली हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए तरह-तरह के झूले भी लगाए गए हैं, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *