फर्रुखाबाद: दो बाइकों की भीषण टक्कर में दो युवक गंभीर घायल, सब्जी लेकर लौट रहे थे घर।
फर्रुखाबाद।
जनपद के कलान थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहाँ दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झकरेली गांव निवासी 18 वर्षीय सुखबीर और उसी गांव के 25 वर्षीय श्याम सिंह मंगलवार शाम को पास के बाजार में सब्जी खरीदने गए थे। देर शाम जब वे अपनी बाइक से वापस गांव लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए घायलों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुँचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने सुखबीर की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। हालांकि, घायलों के परिजनों ने बेहतर इलाज के भरोसे दोनों को एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।
