Etah News : 40 साल पुराने कारखाने पर दबंगों का कब्जा, प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल
एटा के कोतवाली देहात क्षेत्र में स्थित एक 40 साल पुराने कारखाने पर दबंगों द्वारा कथित कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि सौरभ दत्त मिश्रा और धनंजय भदौरिया ने कारखाने के ताले तोड़कर उसे अपने कब्जे में ले लिया।
पीड़ित इकरार हुसैन का कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन FIR तक दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने कार्रवाई की मांग करते हुए मीडिया में मामला उठाया। पुलिस अब जांच में जुटी है और कारखाने की चाबी अपने पास रख कर मामले की तहकीकात कर रही है।
जानकारी के अनुसार, यह विवाद कोतवाली देहात क्षेत्र के पुल के नीचे स्थित कारखाने को लेकर है।
स्थानीय स्तर पर यह मामला चिंता का विषय बन गया है क्योंकि जनपद एटा में इस तरह के सैकड़ों मामले पहले भी उजागर हुए हैं, जबकि कई मामलों को प्रशासन पर्दे के पीछे दबाता रहा है।
देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कहना है कि “न खाऊंगा, न खाने दूंगा” और अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी भू माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई और बुल्डोज़र चलाने की नीति के समर्थन में रहे हैं।
लेकिन एटा में इस मामले में अभी तक कार्रवाई की धीमी रफ्तार और शिकायत दर्ज न होने से लोगों में नाराजगी व्याप्त है। प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या वह निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर पाएगा।
