अधूरे पीएनजी पाइपलाइन कार्यों को तत्काल पूरा कराएं अधिकारी : जिलाधिकारी
मैनपुरी (अजय किशोर) जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने पीएनजी गैस एजेंसी के संचालकों सहित सप्लाई, नगर निकाय, विद्युत, परिवहन और जल निगम के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में अधूरे पड़े पीएनजी पाइपलाइन कार्यों को आपसी समन्वय से तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खुदाई शुरू करने से पहले स्थलीय निरीक्षण व चिन्हांकन अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि विद्युत और पेयजल की लाइनें क्षतिग्रस्त न हों। इसके लिए उन्होंने एजेंसी प्रतिनिधि को जल निगम, नगर निकाय व विद्युत विभाग को तत्काल ले-आउट उपलब्ध कराने तथा कार्य पूर्ण हो चुके वार्डों में सड़क खुदाई के दौरान जेसीबी का प्रयोग कदापि न करने की सख्त हिदायत दी।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है, वहां के उपभोक्ताओं को कनेक्शन लेने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूक किया जाए। इसके लिए नगर निकाय के वाहनों व ई-रिक्शा के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराने के साथ ही घर-घर पंपलेट वितरित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक पीएनजी कनेक्शन लेकर इसका लाभ उठा सकें।
इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, उप जिलाधिकारी सदर श्याम प्रताप सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सिद्धार्थ यादव, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, अधिशासी अभियंता विद्युत अनिल वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बुद्धि प्रकाश तथा गैस एजेंसी के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
