पटाखे के तेज धमाके से उड़ा स्टील का बर्तन, टुकड़े ने ली 8 वर्षीय सम्राट की जान; परिवार में छाया मातम |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
2 Min Read

कंपिल/फर्रुखाबाद |

जनपद के कंपिल थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। स्टील के बर्तन में रखकर पटाखा जलाने के दौरान बर्तन का एक टुकड़ा गले में धंस जाने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में शोक की लहर है।

खेल-खेल में हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला पट्टी मदारी निवासी मजदूर अजय कठेरिया का आठ वर्षीय पुत्र सम्राट सोमवार सुबह करीब नौ बजे अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वहां किसी बच्चे ने स्टील के बर्तन के अंदर पटाखा रखकर जला दिया।

पटाखे के अत्यधिक तेज धमाके से स्टील का बर्तन बुरी तरह फट गया और उसका एक तीखा टुकड़ा सीधे खेलते हुए सम्राट के गले में जा लगा। इस अचानक हुए हादसे से बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

अस्पताल ले जाने का प्रयास रहा असफल

घटना के बाद आनन-फानन में परिजन बच्चे को एक स्थानीय निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। परिजन उसे तुरंत फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मासूम सम्राट की अचानक हुई मौत से उसकी मां काजल और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बच्चा तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता अजय कठेरिया मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

मृतक के चाचा एवं सभासद सत्यवीर माथुर ने बताया कि घटना के समय बच्चा घर के पास ही मौजूद था, तभी यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ। वहीं, इस मामले में थानाध्यक्ष नितिन चौधरी का कहना है कि बालक की मौत की मौखिक सूचना मिली है, लेकिन अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *