अमरोहा पुलिस मुठभेड़ में 2 पशु चोर गिरफ्तार:एक घायल, इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली; घायल बदमाश पर 21 मुकदमे दर्ज
जनरल फोर्स ब्यूरो /अमरोहा
अमरोहा के हसनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार (22 अक्टूबर) की रात करीब 2 बजे चेकिंग के दौरान पुलिस और पशु चोरी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। कालाखेड़ा नहर के पास संदिग्ध पिकअप को रोकने पर उसमें सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इस दौरान एक गोली थाना प्रभारी निरीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी इरशाद के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी सन्नी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल इरशाद को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की 2 भैंस, एक कटिया, 2 अवैध तमंचे, 2 खोखा कारतूस, 2 जिंदा कारतूस और एक पिकअप बरामद की है। पिकअप पर अलग-अलग नंबर की दो प्लेटें मिली हैं।
पूछताछ में बदमाश इरशाद और सन्नी ने अपने साथियों भूरा उर्फ गंजा, यूसुफ और समीर के साथ मिलकर ग्राम ताहरपुर और मनौटा से भैंसें चोरी करने की बात कही। चोरी के पशुओं को एक परिचित के यहां छिपाकर रखा गया था। इसके बाद आरोपी उन्हें बेचने के लिए संभल ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में नामजद अन्य आरोपियों में यूसुफ और समीर को रामपुर के सिविल लाइन थाना पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अन्य आरोपी भूरा उर्फ गंजा की भूमिका की जांच की जा रही है।
बदमाश इरशाद के खिलाफ बिजनौर और हसनपुर के कई थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, गिरोहबंद कानून, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर मामलों में करीब 21 मामले दर्ज हैं। बुलंदशहर के जहांगीराबाद थाने में भी चोरी, आपराधिक साजिश, हथियार और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने ताजा मामले में धारा 109(1), 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 के तहत दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सरोहा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक पवन कुमार समेत हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार, पवन राणा, रोहित कुमार और कांस्टेबल हैदर अली, रवि कुमार व ललित कुमार शामिल रहे।
